यश चोपड़ा  

यश चोपड़ा
पूरा नाम यश राज चोपड़ा
अन्य नाम किंग ऑफ़ रोमांस
जन्म 27 सितंबर, 1932
जन्म भूमि लाहौर पाकिस्तान
मृत्यु 21 अक्टूबर, 2012 (उम्र- 80 वर्ष)
मृत्यु स्थान मुम्बई, महाराष्ट्र
पति/पत्नी पामेला चोपड़ा
संतान आदित्य चोपड़ा और उदय चोपड़ा
कर्म भूमि मुम्बई
कर्म-क्षेत्र निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक
मुख्य फ़िल्में दीवार, दाग़, कभी कभी, डर, चांदनी, दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे, दिल तो पागल है, वीर जारा आदि।
पुरस्कार-उपाधि 11 बार फ़िल्मफेयर पुरस्कार, पद्म भूषण, दादा साहब फालके पुरस्कार
नागरिकता भारतीय
अन्य जानकारी यश चोपड़ा के पुत्र आदित्य चोपड़ा प्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक और दूसरे पुत्र उदय चोपड़ा अभिनेता हैं।
अद्यतन‎

यश राज चोपड़ा (अंग्रेज़ी: Yash Raj Chopra, जन्म: 27 सितम्बर, 1932; मृत्यु: 21 अक्टूबर, 2012) भारतीय हिन्दी सिनेमा के प्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक, पटकथा लेखक एवं फ़िल्म निर्माता हैं। यश चोपड़ा को हिन्दी सिनेमा का “किंग ऑफ रोमांस” कहा जाता है। दीवार, कभी कभी, डर, चांदनी, सिलसिला, दिल तो पागल है, वीर जारा जैसी अनेकों बेहतरीन और रोमांटिक फ़िल्में बनाने वाले यश चोपड़ा ने पर्दे पर रोमांस और प्यार को नए मायने दिए हैं।

जीवन परिचय

यश चोपड़ा का जन्म 27 सितंबर, 1932 को लाहौर में हुआ था जो अब पाकिस्तान में है। स्वतंत्रता के बाद वह भारत आ गए। उनके बड़े भाई बी. आर. चोपड़ा बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता निर्देशक थे। बड़े भाई की प्रेरणा पर ही उन्होंने भी फ़िल्मों में हाथ आजमाया और आज यश चोपड़ा का परिवार बॉलीवुड के प्रतिष्ठित बैनरों में से एक है। उनके बेटे आदित्य चोपड़ा और उदय चोपड़ा भी फ़िल्मों से ही जुड़े हुए हैं। यश चोपड़ा ने अपने भाई के साथ सह निर्देशक के तौर पर काम करना शुरू किया। अपने भाई बी. आर चोपड़ा के बैनर तले उन्होंने लगातार पांच फ़िल्में निर्देशित की। इन फ़िल्मों में ‘एक ही रास्ता’, ‘साधना’ और ‘नया दौर’ शामिल हैं।[१]

फ़िल्मी सफर

यश चोपड़ा ने 1959 में पहली बार अपने भाई के बैनर तले ही बनी फ़िल्म ‘धूल का फूल’ का निर्देशन किया। इसके बाद उन्होंने भाई के ही बैनर तले 'धर्म पुत्र' को भी निर्देशित किया। दोनों ही फ़िल्में औसत कामयाब रहीं पर इसमें यश चोपड़ा की मेहनत सबको नजर आई। वर्ष 1965 में आई फ़िल्म ‘वक्त’ यश चोपड़ा की पहली हिट फ़िल्म साबित हुई। इस फ़िल्म का गीत “ऐ मेरी जोहरा जबीं तुझे मालूम नहीं” दर्शकों को आज भी याद है। फ़िल्म 'इत्तेफाक' उनकी उन चुनिंदा फ़िल्मों में से है जिसमें उन्होंने कॉमेडी और रोमांस के अलावा थ्रिलर पर भी काम किया था।

यश राज बैनर की स्थापना

1973 में उन्होंने फ़िल्म निर्माण में कदम रखा और यश राज बैनर की स्थापना की। इसकी शुरूआत राजेश खन्ना अभिनीत ‘दाग’ जैसी सुपरहिट फ़िल्म से की। इस फ़िल्म की कामयाबी ने उन्हें बॉलीवुड में नया नाम दिया। इसके बाद आई 1975 की फ़िल्म 'दीवार' जिसमें अमिताभ बच्चन ने अभिनय किया था। इस फ़िल्म की सफलता ने यश चोपड़ा को कामयाब निर्देशकों की श्रेणी में ला खड़ा किया। जहां उनकी फ़िल्मों में काम करने के लिए अभिनेता उनके घर के चक्कर लगाने लगे। इसके बाद तो यश चोपड़ा ने 'सिलसिला', ‘कभी-कभी’ जैसी फ़िल्मों में अमिताभ के साथ ही काम किया। हालांकि 80 के दशक की शुरूआत में यश चोपड़ा को असफलता का कड़वा स्वाद भी चखना पड़ा पर 1989 में आई 'चांदनी' ने उन्हें दुबारा एक सफल और हिट निर्देशक बना डाला। 1991 में आई 'लम्हे' भी इसी दौर की एक सुपरहिट फ़िल्म साबित हुई। इसके बाद उन्होंने 1995 में बतौर निर्माता फ़िल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' में दांव लगाया। शाहरुख खान और काजोल के अभिनय से सजी यह फ़िल्म बॉलीवुड में नया इतिहास रच गई। इसके बाद 1997 में उन्होंने फ़िल्म ‘दिल तो पागल है’ का निर्देशन किया। कुछ सालों तक वह निर्देशन से दूर रहे और फिर लौटे 2004 की सुपरहिट फ़िल्म 'वीर जारा' को लेकर।[१]

किंग ऑफ़ रोमांस

बॉलीवुड में रोमांस के अलग-अलग स्‍वरूप को परदे पर ढालने वाले यश चोपड़ा ने रोमांस को जितने रंगों में दिखाया उतना बॉलीवुड का कोई निर्देशक नहीं दिखा सका, इसीलिए यश चोपड़ा को बॉलीवुड का रोमांस किंग यानी ‘किंग ऑफ़ रोमांस’ कहा जाता है। यश चोपड़ा ने रोमांस को जुनूनी तौर पर, पागलपन के तौर पर, कुर्बानी के तौर पर, दु:ख-दर्द बांटने के तौर पर, कॉमेडी और थ्रिलर के साथ यानी हर तरह से प्‍यार को दिखाने की कोशिश की। यश चोपड़ा वहीं शख्‍सियत हैं जिन्‍होंने सिल्‍वर स्‍क्रीन पर प्‍यार और रोमांस की नई परिभाषा गढ़ी।

बतौर निर्माता-निर्देशक प्रसिद्ध फ़िल्में

बतौर निर्देशक यश चोपड़ा का फ़िल्मी सफ़र
वर्ष फ़िल्म मुख्य कलाकार
2012 जब तक है जां शाहरुख खान, कैटरीना कैफ़, अनुष्का शर्मा
2004 वीर-ज़ारा शाहरुख खान, प्रीति जिंटा, रानी मुखर्जी
1997 दिल तो पागल है शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर
1993 डर सनी देओल, शाहरुख खान, जूही चावला
1992 परंपरा आमिर खान, संजय दत्त, विनोद खन्ना, सैफअली खान
1991 लम्हे अनिल कपूर, श्रीदेवी, वहीदा रहमान, अनुपम खेर
1989 चाँदनी श्रीदेवी, ऋषि कपूर, विनोद खन्ना
1988 विजय राजेश खन्ना, हेमा मालिनी, ऋषि कपूर, अनिल कपूर, अनुपम खेर
1985 फ़ासले सुनील दत्त, रेखा, फरहा
1984 मशाल दिलीप कुमार, वहीदा रहमान, अनिल कपूर, अमरीश पुरी
1981 सिलसिला अमिताभ बच्चन, संजीव कुमार, रेखा, जया भादुड़ी
1979 काला पत्थर अमिताभ बच्चन, शत्रुघ्न सिन्हा, शशि कपूर, राखी, नीतू सिंह, परवीन बॉबी
1978 त्रिशूल संजीव कुमार, अमिताभ बच्चन, शशि कपूर, हेमा मालिनी, राखी, वहीदा रहमान, पूनम ढ़िल्लो
1976 कभी कभी अमिताभ बच्चन, शशि कपूर, वहीदा रहमान, ऋषि कपूर, राखी, नीतू सिंह
1975 दीवार अमिताभ बच्चन, शशि कपूर, नीतू सिंह, परवीन बॉबी, निरुपा रॉय
1973 जोशीला देवानंद, हेमा मालिनी, प्राण, राखी
1973 दाग राजेश खन्ना, शर्मिला टैगोर, राखी
1969 इत्तेफ़ाक़ राजेश खन्ना, नन्दा, बिन्दु, मदन पुरी
1969 आदमी और इंसान धर्मेन्द्र, सायरो बानो, फ़िरोज़ खान
1965 वक़्त बलराज साहनी, सुनील दत्त, साधना, राज कुमार, शशि कपूर, शर्मिला टैगोर
1961 धर्मपुत्र माला सिन्हा, शशि कपूर
1959 धूल का फूल माला सिन्हा, राजेन्द्र कुमार, नन्दा
  • धूल का फूल (1959)
  • वक़्त 1965)
  • दाग़ (1973)
  • दीवार (1975)
  • त्रिशूल (1978)
  • काला पत्थर (1979)
  • सिलसिला (1981)
  • चांदनी (1989)
  • डर (1993)
  • ये दिल्लगी (1994)
  • दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे (1995)
  • दिल तो पागल है (1997)
  • मोहब्बतें (2000)
  • मेरे यार की शादी है (2002)
  • हम तुम (2004)
  • धूम (2004)
  • वीर ज़ारा (2004)
  • बंटी और बबली (2005)
  • धूम 2 (2006)
  • चक दे इंडिया (2007)
  • रब ने बना दी जोड़ी (2008)
  • मेरे ब्रदर की दुल्हन (2011)
  • जब तक है जां (2012)

सम्मान और पुरस्कार

यश चोपड़ा को अब तक 11 बार फ़िल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उन्हें 1964 में प्रदर्शित फ़िल्म 'वक्त' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए फ़िल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद वह 1969 में फ़िल्म 'इत्तेफाक' सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, 1973 में 'दाग' सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, 1975 में 'दीवार' सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, 1991 में 'लम्हे' सर्वश्रेष्ठ निर्माता, 1995 में 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' सर्वश्रेष्ठ निर्माता, 2001 में वह फ़िल्म जगह के सर्वोच्च सम्मान 'दादा साहब फालके पुरस्कार से भी सम्मानित किए गए। 2005 में उन्हें भारत सरकार द्वारा 'पद्म भूषण' से भी सम्मानित किया गया। फ़िल्म निर्माता यश चोपड़ा को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए फ्रांस का सर्वोच्च ऑफिसियर डी ला लेजन पुरस्कार भी प्रदान किया गया। स्विस सरकार ने उन्हें “स्विस एंबेसडरर्स अवार्ड 2010” से सम्मानित किया है।

समाचार

21 अक्टूबर 2012, रविवार

'रोमांस के बादशाह' यश चोपड़ा का निधन

'रोमांस के बादशाह' फ़िल्म निर्माता यश चोपड़ा का निधन 21 अक्टूबर 2012, रविवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में निधन हो गया था। फ़िल्म इंडस्ट्री के तमाम लोगों ने उनकी मौत को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी हानि बताया। गौरतलब है कि प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक यश चोपड़ा 80 साल के थे और उन्हें डेंगू से पीड़ित होने के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यश चोपड़ा ने बॉलीवुड के प्रतिष्ठित बैनर यशराज फ़िल्म्स की नींव रखी। यश चोपड़ा ने बॉलीवुड के सुपरस्टार दिलीप कुमार, राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के साथ के कई फ़िल्में बनाईं। 'दीवार', 'सिलसिला', 'त्रिशूल', 'चांदनी', 'लम्हे' और 'डर', 'वीर ज़ारा' जैसी उनकी अनेक फ़िल्मों ने लोगों का ख़ूब मनोरंजन किया और यह अपने-अपने समय की सुपरहिट फ़िल्में रहीं।

समाचार को विभिन्न स्रोतों पर पढ़ें



पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. १.० १.१ यश चोपड़ा : रोमांस को पर्दे पर उतारने वाला जादूगर (हिन्दी) जागरण जंक्शन। अभिगमन तिथि: 28 सितम्बर, 2012।

बाहरी कड़ियाँ


संबंधित लेख


वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                              अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र   अः



"https://amp.bharatdiscovery.org/w/index.php?title=यश_चोपड़ा&oldid=608345" से लिया गया