शीतला अष्टमी व्रत  

शीतला अष्टमी व्रत
विवरण 'शीतला अष्टमी' का व्रत माँ शीतला को प्रसन्न करने के लिए किया जाता है। इस व्रत के दिन घर में चूल्हा नहीं जलाया जाता। एक दिन पहले ही तैयार बासी भोजन ग्रहण किया जाता है।
तिथि कोई माघ शुक्ल पक्ष की षष्ठी को, कोई वैशाख कृष्ण पक्ष की अष्टमी को तो कोई चैत्र के कृष्ण पक्ष की सप्तमी या अष्टमी को इस पर्व को मनाता है।
अन्य नाम 'बूढ़ा बसौड़ा', 'बसौड़ा', 'बासौड़ा', 'लसौड़ा', 'बसियौरा'
विशेष इस व्रत में ताजा भोजन नहीं बनाया जाता, मात्र बासी भोजन ही ग्रहण किया जाता है।
मान्यता मान्यता है कि शीतला माता हर तरह के तापों का नाश करती हैं और अपने भक्तों के तन-मन को शीतल करती हैं।
संबंधित लेख शीतला चालीसा, शीतला माता की आरती, शीतला मन्दिर गुड़गाँव
अन्य जानकारी भारतीय सनातन परंपरा के अनुसार महिलाएं अपने बच्चों की सलामती, आरोग्यता व घर में सुख-शांति के लिए 'रंग पंचमी' से अष्टमी तक माँ शीतला को बसौड़ा बनाकर पूजती हैं।

शीतला अष्टमी का पर्व किसी न किसी रूप में भारत के हर कोने में मनाया जाता है। कोई माघ शुक्ल पक्ष की षष्ठी को, कोई वैशाख कृष्ण पक्ष की अष्टमी को तो कोई चैत्र के कृष्ण पक्ष की सप्तमी या अष्टमी को इस पर्व को मनाता है। शीतला माता हर तरह के तापों का नाश करती हैं और अपने भक्तों के तन-मन को शीतल करती हैं। इस पर्व को 'बूढ़ा बसौड़ा', 'बसौड़ा', 'बासौड़ा', 'लसौड़ा' या 'बसियौरा' भी कहा जाता है।

विशेष तिथि

वैसे तो शीतला पूजन भिन्न-भिन्न जगहों पर अलग-अलग तिथियों पर किया जाता है, किन्तु विशेष कर चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी को शीतला सप्तमी-अष्टमी का पर्व मनाया जाता है। इस पर्व को 'बसोरा' (बसौड़ा) भी कहते हैं। 'बसोरा' का अर्थ है- 'बासी भोजन'। इस दिन घर में ताजा भोजन नहीं बनाया जाता। एक दिन पहले ही भोजन बनाकर रख देते हैं, फिर दूसरे दिन प्रात:काल महिलाओं द्वारा शीतला माता का पूजन करने के बाद घर के सब व्यक्ति बासी भोजन को खाते हैं। जिस घर में चेचक से कोई बीमार हो, उसे यह व्रत नहीं करना चाहिए।

पौराणिक उल्लेख

हिन्दू व्रतों में केवल 'शीतलाष्टमी' का व्रत ही ऐसा है, जिसमें बासी भोजन किया जाता है। इसका विस्तृत उल्लेख पुराणों में मिलता है। शीतला माता का मंदिर वट वृक्ष के समीप ही होता है। शीतला माता के पूजन के बाद वट का पूजन भी किया जाता है। प्राचीन मान्यता है कि जिस घर की महिलाएं शुद्ध मन से इस व्रत को करती हैं, उस परिवार को शीतला देवी धन-धान्य से पूर्ण कर प्राकृतिक विपदाओं से दूर रखती हैं।

कथा

लोक किंवदंतियों के अनुसार 'बसौड़ा' की पूजा माता शीतला को प्रसन्न करने के लिए की जाती है। कहते हैं कि एक बार किसी गांव में गांववासी शीतला माता की पूजा-अर्चना कर रहे थे तो माँ को गांववासियों ने गरिष्ठ भोजन प्रसाद स्वरूप चढ़ा दिया। शीतलता की प्रतिमूर्ति माँ भवानी का गर्म भोजन से मुंह जल गया तो वे नाराज हो गईं और उन्होंने कोप दृष्टि से संपूर्ण गांव में आग लगा दी। केवल एक बुढ़िया का घर सुरक्षित बचा हुआ था। गांव वालों ने जाकर उस बुढ़िया से घर न जलने के बारे में पूछा तो बुढि़या ने माँ शीतला को गरिष्ठ भोजन खिलाने वाली बात कही और कहा कि उन्होंने रात को ही भोजन बनाकर माँ को भोग में ठंडा-बासी भोजन खिलाया, जिससे माँ ने प्रसन्न होकर बुढ़िया का घर जलने से बचा लिया। बुढ़िया की बात सुनकर गांव वालों ने माँ से क्षमा मांगी और 'रंग पंचमी' के बाद आने वाली सप्तमी के दिन उन्हें बासी भोजन खिलाकर माँ का बसौड़ा पूजन किया।

महत्त्व

भारतीय सनातन परंपरा के अनुसार महिलाएं अपने बच्चों की सलामती, आरोग्यता व घर में सुख-शांति के लिए 'रंग पंचमी' से अष्टमी तक माँ शीतला को बसौड़ा बनाकर पूजती हैं। बसौड़ा में मीठे चावल, कढ़ी, चने की दाल, हलुवा, रावड़ी, बिना नमक की पूड़ी, पूए आदि एक दिन पहले ही रात्रि में बनाकर रख लिए जाते हैं। तत्पश्चात् सुबह घर व मंदिर में माता की पूजा-अर्चना कर महिलाएं शीतला माता को बसौड़ा का प्रसाद चढ़ाती हैं। पूजा करने के बाद घर की महिलाओं ने बसौड़ा का प्रसाद अपने परिवारों में बांट कर सभी के साथ मिलजुल कर बासी भोजन ग्रहण करके माता का आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है।

महत्त्वपूर्ण तथ्य

  • इस व्रत में मिठाई, पूआ, पूरी, दाल-भात आदि एक दिन पहले से ही बनाए जाते हैं अर्थात व्रत के दिन घर में चूल्हा नहीं जलाया जाता।
  • व्रती रसोईघर की दीवार पर 5 अंगुली घी में डुबोकर छापा लगाता है। इस पर रोली, चावल, आदि चढ़ाकर माँ के गीत गाए जाते हैं।
  • इस दिन शीतला स्रोत तथा शीतला माता की कथा भी सुननी चाहिए।
  • रात्रि में दीपक जलाकर एक थाली में भात, रोटी, दही, चीनी, जल, रोली, चावल, मूँग, हल्दी, मोठ, बाजरा आदि डालकर मन्दिर में चढ़ाना चाहिए। इसके साथ ही चौराहे पर जल चढ़ाकर पूजा करते हैं। इसके बाद मोठ, बाजरा का बयाना निकाल कर उस पर रुपया रखकर अपनी सास के चरण स्पर्श कर उन्हें देना चाहिए। उसके पश्चात् किसी वृद्धा को भोजन कराकर दक्षिणा देनी चाहिए।


इन्हें भी देखें: शीतला चालीसा, शीतला माता की आरती एवं शीतला मन्दिर गुड़गाँव


पन्ने की प्रगति अवस्था
आधार
प्रारम्भिक
माध्यमिक
पूर्णता
शोध

टीका टिप्पणी और संदर्भ

बाहरी कड़ियाँ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                              अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र   अः



"https://amp.bharatdiscovery.org/w/index.php?title=शीतला_अष्टमी_व्रत&oldid=620305" से लिया गया